मुरादाबाद। महज एक घंटे की बारिश और कुछ मिनटों की आंधी ने शहर में कई बिजली के खंभे और पेड़ धराशायी कर दिए। इससे शहर की बिजली चरमरा गई। करीब आधे शहर में बिजली गुल हो गई और लोगों के घरों में अंधेरा छा गया। इससे 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई। एक से डेढ़ घंटे में शहर के ज्यादातर स्थानों पर बिजली व्यवस्था सुचारू हो गई लेकिन मानसरोवर कॉलोनी के लोग रातभर परेशान रहे।
मानसरोवर कॉलोनी में शास्त्री नगर की पुलिया और उसके आसपास बिजली के पांच खंभे टूट गए और एक पेड़ गिर गया। इससे एलटी लाइन बुरी तरह क्षति ग्रस्त हो गई। जेई ने संबंधित ठेकेदार को लाइन की मरम्मत के लिए कहा तो उसने हाथ खड़े कर दिए। जेई के मुताबिक ठेकेदार का जवाब था कि फिलहाल लेबर नहीं है। सुबह लेबर के आने पर ही काम होगा और 10 बजे तक सप्लाई शुरू हो पाएगी। ऐसे में प्राइवेट व्यवस्था के कारण मानसरोवर, शास्त्री नगर और सरोवर नगर के करीब 5000 लोगों के पास अंधेरे में रात बिताने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। दो ट्रांसफार्मरों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई। एलटी लाइन धराशायी होने के कारण ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी नहीं लगाया जा सका। ऐसे में रात भर दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर पर फोन घनघनाता रहा।
दूसरी ओर आंधी-बारिश के दौरान गलशहीद, लाइनपार, ढक्का, पीतलबस्ती, कटघर, कानून गोयान, आशियाना, रामगंगा विहार आदि क्षेत्रों में बिजली कटौती हुई। करीब दो घंटे तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेई तेजवीर सिंह ने बताया कि बिजली के खंभे और पेड़ गिरने के कारण लाइन की मरम्मत करने में समय लगेगा। ऐसे में बुधवार की सुबह ही मानसरोवर, शास्त्री नगर और सरोवर नगर में सप्लाई सुचारू हो पाएगी।