मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के लोधीपुर जवाहर नगर में सोमवार की सुबह तेज बारिश से घर की दीवारों और फर्श में करंट उतर आया। उसकी चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
लोधीपुर जवाहर नगर निवासी बाबू का परिवार सोमवार की सुबह घर में ही मौजूद था। बारिश की वजह से परिजन बाहर नहीं गए। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बिजली के बोर्ड में पानी पहुंच गया जिसके बाद घर की दीवार और फर्श में करंट उतर आया। बाबू का 11 वर्षीय बेटा गणेश करंट से झुलस गया। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। घर की बिजली सप्लाई बंद कर गणेश को परिजन अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव घर ले आए। उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का संस्कार कर दिया। मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि किशोर को करंट लगने की सूचना नहीं मिली है।