मुरादाबाद। सीतापुर बिजलीघर से जुड़े असालतपुरा में चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने रविवार देर रात विद्युत निगम की टीम पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने जेई की पिटाई कर दी। टीम के बाकी सदस्यों ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। इस मामले की सूचना मिलने के बाद विद्युत निगम का महकमा हरकत में आ गया। पीड़ित जेई आशीष बिष्ट ने उपखंड अधिकारी के साथ गलशहीद थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों जुबैर कुरैशी, सुमाईल और जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जेई आशीष बिष्ट ने बताया कि वह रविवार रात असालतपुरा में अपनी टीम के साथ बिजली चेकिंग कर रहे थे। जुबैर कुरैशी और अन्य आरोपियों ने चेकिंग का विरोध किया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जेई और उनकी टीम के सदस्यों ने गाली-गलौज का विरोध किया। इस पर जुबैर ने अपने साथियों सुमाइल और जावेद के साथ मिलकर लाठी-डंडों से टीम पर हमला बोल दिया। किसी तरह हमलावरों के चंगुल से बचकर टीम के सदस्यों ने अपनी जान बचाई। सीओ कटघर आशुतोष तिवारी का कहना है कि जेई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसी साल तीन बार हो चुकी है विद्युत निगम की टीम से मारपीट
मुरादाबाद। वर्ष 2021 में अब तक तीन बार शहर के अलग-अलग इलाकों में विद्युत निगम की टीम से मारपीट हो चुकी है। इनमें सबसे पहली घटना गुरहट्टी, तहसील स्कूल के पास, दूसरी घटना दीवान का बाजार और तीसरी घटना असालतपुरा की है। इसके अलावा मुरादाबाद देहात में ठाकुरद्वारा के जेई के साथ मारपीट के मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर के गलशहीद, असालतपुरा, नागफनी, गुइंयां बाग, आसिम बिहारी, पीतलबस्ती समेत कई इलाके संवेदनशील हैं। यहां चेकिंग के लिए अक्सर पुलिस की सहायता लेनी पड़ती है। एक्सईएन तृतीय योगेंद्र कुमार का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से मिलकर चेकिंग में सहायता करने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की जा रही है।