संभल। संभल के कई मोहल्ले और सिरसी में बिजली विभाग की टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान काफी संख्या में अवैध कनेक्शन पकड़े गए। सिरसी में पूर्व चेयरमैन के भाई के घर भी बिजली चोरी पकड़ी गई है। बिजली विभाग के अधिकारियों व विजिलेंस टीम की कार्रवाई देख हड़कंप का माहौल रहा। अवैध तरीके से कनेक्शन जोड़ने वाले लोगों पर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में मेरठ के अधिकारी भी शामिल रहे। जिनके नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गुरुवार को सुबह चार बजे से संभल नगर और सिरसी में बिजली विभाग की पांच टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान 405 अवैध कनेक्शन पकड़े गए। इसमें वह कनेक्शन भी शामिल हैं जिनके मीटर तो लगा था लेकिन इसके बाद भी कटिया कनेक्शन डाला हुआ था। संभल के मियां सराय, पंजू सराय, तेल मंडी, दीपासराय चौक, हिन्दूपुराखेड़ा, सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा और बरखेरियान में चेकिंग की गई। सिरसी में चेकिंग के दौरान पूर्व चेयरमैन के भाई का भी अवैध कनेक्शन पकड़ा गया है। हालांकि पूर्व चेयरमैन ने बिजली चोरी की बात से इनकार किया। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बिजली चोरी पकड़ने की पुष्टि की।
इस चेकिंग अभियान में विजिलेंस की मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, बुलंदशहर और मेरठ देहात की टीमें शामिल रहीं। चेकिंग अभियान में मेरठ एमडी कार्यालय के मुख्य अभियंता संजय आनंद जैन भी शामिल थे। उनके नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। सभी पांचों टीमों का नेतृत्व अधिशासी अभियंता ने किया। इसमें संभल, बबराला, चंदौसी, अमरोहा के अधिशासी अभियंता शामिल रहे। विजिलेंस टीम के अलावा संबंधित थाने की फोर्स का भी सहयोग लिया गया। इन सभी अवैध कनेक्शन धारकों पर कार्रवाई की गई है।