मुरादाबाद। नाम वापसी के बाद जिले के चार ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए आज वोट डाले जाएंगे। कुल 465 बीडीसी सदस्य अपने मताधिकारी का प्रयोग करेंगे।
एक-एक नामांकन पत्र होने की वजह से मुरादाबाद, डिलारी, बिलारी और कुंदरकी ब्लॉक में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। अब शनिवार को मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा, भगतपुर टांडा और छजलैट ब्लॉक में चुनाव होगा। मतदान शनिवार को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक संबंधित ब्लॉक मुख्यालय पर होगा। इसके तुरंत बाद मतों की गणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा। मतदान प्रक्रिया जिलाधिकारी द्वारा नियुक्त सहायक निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी की देखरेेख में होगी। चारों ब्लॉक में कुल 465 बीडीसी हैं।
मतदान के दौरान किसी तरह के विवाद की आशंका के चलते भारी सुरक्षा बल की तैनाती होगी। संबंधित सीओ और थानाध्यक्ष वहां सुरक्षा की व्यवस्था संभालेंगे। ब्लॉक मुख्यालय से पहले ही बेरिकेडिंग की जाएगी। मुख्य द्वारा पर पहचान पत्र आदि दस्तावेज देेखने के बाद ही मतदान कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
किस ब्लॉक में कितने बीडीसी
ठाकुरद्वारा 104
भगतपुर टांडा 117
छजलैट 117
मूंढापांडे 127