मुरादाबाद। नगर निगम में पार्षद के एक पद और कांठ नगर पंचायत में सभासद के एक पद के लिए डाले गए वोटोें की गिनती गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू होगी। जीत-हार का फैसला एक घंटे के भीतर ही हो जाएगा। मतदान के दिन हुए विवाद के मद्देनजर मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यस्था रहेगी।
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रीति जायसवाल ने बताया कि नगर निगम पार्षद के एक रिक्त पद के लिए डाले गए वोटों की गिनती कलक्ट्रेट में होगी जबकि कांठ नगर पंचायत में सभासद के रिक्त एक पद के लिए डाले गए वोटों की गिनती तहसीलदार कांठ के न्यायालय में होगी। मतगणना शांति व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। कांठ में होने वाली मतगणना को एक व मुरादाबाद में होने वाली मतगणना को दो टेबिलें लगाई जाएंगी। एक टेबिल पर सिर्फ एक मतगणना एजेंट रहेगा। प्रत्याशी और मतगणना एजेंट के अलावा अन्य किसी भी बाहरी व्यक्ति को मतगणना स्थल तक नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। एक घंटे में मतगणना का काम लगभग पूरा हो जाएगा। इसके बाद चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।