बिलारी नगर में घटनास्थल से मृतक की बाइक ले जाते दरोगा-संवाद
बिलारी (मुरादाबाद)। हाईवे पर बस स्टैंड के पास शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में गांव तेवरखास निवासी मटरू खां (70) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा तस्लीम घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव तेवरखास निवासी मटरू खां शनिवार की सुबह अपने बेटे तस्लीम के साथ जिला संभल के गांव बनियाठेर निवासी रिश्तेदार की गमी में शामिल होने के लिए गए थे। शाम करीब चार बजे पिता-पुत्र गमी में शामिल होकर बिलारी होते हुए घर वापस आ रहे थे। बिलारी में आगरा हाईवे पर बस स्टैंड के पास शिव मंदिर के सामने पहुंचने पर मुरादाबाद की ओर जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक चला रहा तस्लीम दूर जा गिरा, जबकि उसके पिता मटरू खां कंटेनर के पिछले पहिये के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर भाग गया। जिससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वृद्ध के शव को कंटेनर के पहिये के नीचे से निकाला। वृद्ध के घायल बेटे को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी बिलारी भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।