कांठ। जमीन और पेड़ों के पहले हुए विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। जिससे दोनों ओर के आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी का सीएचसी कांठ में इलाज और मेडिकल कराया है। चिकित्सकों इनमें से चार घायल को जिला अस्पताल रेफर किया है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक ओर के चार और दूसरे पक्ष के दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मामला कांठ थाने के कस्बा उमरी कलां के मोहल्ला नसीराबाद का है। यहां के रहने दो पक्षों में जमीन और पेड़ों को लेकर कुछ समय पहले विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते सोमवार को दोनों पक्ष फिर से आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। एक पक्ष के इंतजामुद्दीन उसका भाई मो. युनूस, बेटा अब्दुल रहमान, भतीजा मो. युसूफ और मो. दानिश तथा दूसरी ओर के ताहिर हसन, जाहिर हसन और मोहल्ला फरीदगंज का नसीमुद्दीन घायल हो गए। लहुलुहान हालत में सभी घायल कांठ थाने आए। जिस पर पुलिस ने इन्हें इलाज और मेडिकल के लिए सीएचसी भेज दिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद इनमें से इंतजामुद्दीन, मो. युनूस और दूसरे पक्ष के ताहिर और नसीमुद्दीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसएचओ सुदेश पाल सिंह ने कि इतजामुद्दीन की ओर से नसीमुद्दीन, जाहिर हसन, ताहिर हसन, मो. दाऊद और नसीमुद्दीन की ओर से मो. युनूस एवं मो. युसूफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं हैं।