मुरादाबाद। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते रेड जोन में आए मुरादाबाद में कुछ सुधार आ ही रहा था कि अचानक शुक्रवार को एक साथ आठ नए कोरोना पॉजीटिव मामले सामने आए हैं। इन संक्रमितों में एक पार्षद, एक मदरसा शिक्षक, एक सब्जी और एक दूध विक्रेता भी शामिल हैं। खास बात ये है कि संक्रमित पाए गए किसी भी व्यक्ति में कोरोना के प्रारंभिक लक्षण नहीं हैं। सभी लोग सामान्य दिख रहे हैं। सब्जी और दूध विक्रेता का नमूना तो रैंडम सैंपलिंग में लिया गया था, जिसके बाद उनके संक्रमित होने की बात सामने आई है। एक साथ आठ अलाक्षणिक मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन चिंतित है। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 124 पहुंच गया। पहले से अस्पताल में भर्ती संक्रमित दो मरीजों के रिपीट सैंपल भी पॉजिटिव आए हैं।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ लैब से 254 लोगों की सैंपल रिपोर्ट आई। सभी सैंपल तीन मई और चार मई को भेजे गए थे। रिपोर्ट में 10 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इनमें आठ नए मरीज और दो के रिपीट सैंपल हैं। नए मरीजों में एक मस्जिद में मुअज्जिन गलशहीद निवासी 23 साल का युवक, गलशहीद निवासी 35 वर्षीय सब्जी विक्रेता, मकबरा निवासी 23 साल के दूध विक्रेता, लालबाग निवासी 60 वर्षीय मदरसा शिक्षक और नगर निगम के एक क्षेत्र के पार्षद शामिल हैं। लाल स्कूल मुलगपुरा निवासी 60 साल की महिला भी संक्रमित आई है। इसका पूर्व में संक्रमित मरीज से संपर्क था। दीवान का बाजार निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति और दौलतबाग निवासी 25 साल की युवती में कोरोना का संक्रमण मिला है। सभी मरीज हॉटस्पॉट इलाके से हैं।
सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में पहले से भर्ती कांठ गढ़ी निवासी 22 साल के युवक और बरबलान निवासी 35 साल के व्यक्ति का रिपीट सैंपल पॉजिटिव आया है। कटघर की 44 साल की महिला की रिपोर्ट में संशय है। उसका सैंपल दोबारा भेजा जाएगा। 254 लोगों की रिपोर्ट में आठ नए मरीजों के अलावा कुल दस पॉजिटिव और एक की रिपोर्ट में संशय है। 243 की रिपोर्ट निगेटिव हैं। आठ नए मरीजों को कोविड 19 एल-1 अस्पताल और विवेकानंद नर्सिंग कालेज में भर्ती करवा दिया है। इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कर सैंपलिंग शुरू कर दी है। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 124 पहुंच गया। हालांकि, इनमें मुरादाबाद के 120 मरीज हैं। टीएमयू में इलाज करवाने वाले चार मरीज संभल और रामपुर के हैं।