बिलारी। थाने में सोमवार दोपहर अमन कमेटी की बैठक हुई। बैठक में सभी वक्ताओं ने ईद का त्योहार सौहार्द के माहौल में मनाने का आह्वान किया। बैठक में सीओ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही ईद की नमाज पढ़ी जाएगी और कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं होगी।
सीओ ने कहा कि नमाज के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र के जरिए कहीं भी कोई आपत्तिजनक बात न बोली जाए। यदि किसी के पास कोई गैरकानूनी और गलत वीडियो आती है तब उसे शेयर न किया जाए। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि बिलारी थाना क्षेत्र में 12 ईदगाह और 98 मस्जिद हैं। पूर्व में जिन स्थानों पर ईद की नमाज पढ़ी गई है इस बार भी वहीं पर पढ़ी जाए। उन्होंने कहा कि जानवर पालकों को समय से नोटिस दे दिए जाएं ताकि जानवर ईद की नमाज होने वाले इलाकों की ओर न जाएं।
ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद रफी राजू ने कहा कि बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी बिलारी नगर की ईदगाह पर यहां की जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती हामिद अली निर्धारित समय पर ईद की नमाज पढ़ाएंगे। नगर मेला कमेटी के अध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब वाले बिलारी नगर में होली के रंग का जुलूस निकलते समय बिलारी के मुस्लिम भाइयों ने जुलूस में शामिल लोगों को खजूर बांटकर सौहार्द का संदेश दिया था। इस वर्ष ईद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बहुसंख्यक वर्ग भी पूर्ण सहयोग करेगा। बैठक में ईद के दिन सफाई व्यवस्था और जलापूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग दोहराई गई। बैठक में नगर क्षेत्र के अनेक वर्तमान और पूर्व पालिका सभासद तथा मस्जिदों के इमाम,देहात इलाके के अनेक प्रधान और बीडीसी मेंबर मौजूद रहे।