टांडा (रामपुर)। लालपुर में कोसी नदी में दिन में 11 बजे के करीब नहाने उतरे एक बालक और एक किशोर तेज बहाव के कारण डूबने लगे। यह देख साथ में आए एक युवक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पास में मौजूद मछुआरे दोनों की मदद को नदी में उतर गए। इस दौरान बालक को तो बचा लिया गया लेकिन, किशोर की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
टांडा नगर के मोहल्ला दुलीवाला दीपक (22) ई रिक्शा चलाता है। वह रामपुर के बेनजीर मोहल्ले अपनी बहन के घर में फर्नीचर का काम कराने के लिए अपने साथ टांडा के मोहल्ला दुलीवाला निवासी आदित्य (14)तथा राजू (12) को लेकर ई रिक्शा से जा रहा था।जब ये तीनों लालपुर पहुंचे तो राजू और आदित्य ने नदी में नहाने की इच्छा जाहिर की और तीनों नदी के किनारे पहुंच गए जहां दीपक तैरना न आने की बात कहकर नदी में बाहर ही खड़ा रहा जबकि आदित्य और राजू नदी में उतर गए। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों डूबने लगे। दोनों को डूबता देखकर दीपक ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर नदी में मछली पकड़ने आए मछुआरों ने जाल डाल कर राजू को तो बचा लिया लेकिन आदित्य का कोई सुराग नहीं मिला। इस पर मछुआरों ने फिर ढूंढना शुरू कर दिया। उधर सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। कुछ देर नदी में आदित्य का शव भी मछुआरों के हाथ आ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना है कि आदित्य
मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला है। वर्तमान में टांडा के मोहल्ला दुलीवाला में अपने नाना इंद्र के घर पर फर्नीचर बनाने का काम सीख रहा था।