कांठ। तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में जहां ई-रिक्शा सवार एक महिला गंभीर घायल हो गई तो वहीं चालक भी चोटिल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई, इस दौरान कुछ लोगों ने कार चालक से भी खींचतान की।
कांठ नगर के मोहल्ला फकीरगंज की कुछ महिलाएं बुधवार की दोपहर पशुओं के लिए घास व चारा लेकर जंगल से लौट रहीं थीं। वह नगर में निरंकारी सत्संग भवन से पहले एक ई-रिक्शा में बैठ गई और उसके ऊपर ही घास व चारे को भी रख लिया। रिक्शा कुछ आगे ही बढ़ा था कि नगर में नए रोडवेज बस स्टैंड के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसमें टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा सड़क किनारे पलट गया। उसमें सवार नगर के फकीरगंज निवासी महिला सविता पत्नी संजय सहित चालक निजामुद्दीन निवासी पट्टी मौढ़ा कांठ भी घायल हो गया। हादसे के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने कार को मय चालक पकड़ लिया और चालक से भी खींचतान की। इसके बाद गंभीर घायल सविता को इलाज के लिए नगर में ही एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।