मुरादाबाद। कई साल पहले बने आधार कार्डों में लगे अंगूठों और उंगलियों के निशान ई-मशीनें पढ़ नहीं कर पा रहीं हैं। फिंगर प्रिंट का मिलान न होने से पात्रों को पेंशन, किसान सम्मान निधि नहीं मिल पा रही है। राशन दुकानों की मशीनों में भी यही समस्या आ रही है। कार्डधारकों को ओटीपी के माध्यम से राशन तो मिल रहा, लेकिन उनसे भी ई-केवाईसी कराने को कहा जा रहा है। जिसके चलते आधार सेवा केंद्र, डाकघर और बैंकों में आधार अपडेट कराने के लिए लाइनें लग रही हैं।
जिले में 27 आधार सेवा केंद्र संचालित हैं, जहां पर आधार कार्ड बनाने, संशोधन और अपडेट किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर रोज 1500 से अधिक आधार कार्ड अपडेट होते हैं। इसके बावजूद गांधी नगर स्थित आधार सेवा केंद्र पर प्रतिदिन आधार अपडेट और संशोधन कराने के लिए सुबह से ही सैकड़ों लोग लाइन में लग जाते हैं। लेकिन नंबर न आने पर काफी लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। यही स्थिति सिविल लाइन स्थित मुख्य डाकघर पर भी है। जहां पर रोजाना सैकड़ों लोग आधार कार्ड से संबंधित काम कराने पहुंच रहे हैं। इसमें बच्चों, वृद्धों के बायोमिट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर, नाम, पता में सुधार कराने ज्यादा लोग आते हैं।
-
10 वर्ष में बदल जाती है अंगुलियों की रेखाएं
यूआईडीएआई के अनुसार 10 वर्ष में अंगुलियों की रेखाएं बदल जाती हैं। सबसे ज्यादा किशोरों और 60 साल से अधिक के बुजुर्ग की रेखाओं में आता है। इसलिए 10 साल बाद आधार कार्ड अपडेट करा लेना चाहिए। आधार अपडेट होने में 30 दिन तक का समय लग सकता है।
00
जन्मतिथि बदलने के लिए जरूरी दस्तावेज
- जन्मतिथि प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, किसी भी बोर्ड या यूनिवर्सिटी की मार्कशीट, सर्विस आईडी कार्ड
नाम के शब्दों में बदलाव के लिए दस्तावेज
- वोटर आईडी कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, निवास प्रमाणपत्र, पैन कार्ड
पता बदलने के लिए जरूरी प्रमाणपत्र
- वोटर आईडी कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट। ये दस्तावेज न होने पर यूआईडीएआई का एक फार्म भरकर किसी राजपत्रित अधिकारी के हस्ताक्षर कराकर लाना होगा।
एक बार बदल सकती है जन्मतिथि
- आधार कार्ड में जन्मतिथि को एक बार बदल सकते हैं। वहीं पता, मोबाइल नंंबर कभी भी बदला जा सकता है।
00
लोग बोले
-आधार कार्ड बने 12 साल हो गए हैं। छह महीने से फिंगर प्रिंट काम नहीं कर रही है। इससे पैसा निकालने, राशन की दुकान पर परेशानी हो रही है। चार बार आ चुके हैं, लेकिन अभी तक काम नहीं हो पाया। -नदीम
- कहीं पर मशीन फिंगर प्रिंट मिलान करती है तो कहीं पर नहीं। आधार कार्ड अपडेट कराने आया हूं। कई घंटे बीत गए हैं, लेकिन अभी तक अपडेट नहीं हो पाया है। -प्रदीप कुमार
-राशन कार्ड में फिंगर प्रिंट मिलान नहीं मिल पा रहा है। दो बार फिंगर प्रिंट अपडेट करा चुकी हूं। लेकिन अभी तक अपडेट नहीं हुआ है। काफी परेशान हो रही है। -लक्ष्मी