आरटीओ रोड पर मुरादाबाद सिटी बस के चालक धरने पर बैठे। स्रोत पाठक
मुरादाबाद। बोनस और पीएफ का लाभ नहीं मिलने के कारण ई-बस चालकों ने सोमवार को हड़ताल की। बसों का संचालन करीब साढ़े तीन घंटे बंद रहा। ई-बस चालकों ने कहा कि 30 अक्तूबर तक अगर बोनस नहीं मिला तो कंपनी के खिलाफ फिर से प्रदर्शन किया जाएगा।
मुरादाबाद से भोजपुर, टांडा और टीएमयू रूट पर 25 ई-बसों का संचालन किया जाता है। बसों काे चलाने के लिए 61 चालक नियुक्त हैं। बोनस और पीएस का लाभ नहीं मिलने पर चालकों ने हड़ताल कर प्रदर्शन किया। सभी चालक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ई-बस स्टेशन के गेट के सामने करीब साढ़े तीन घंटे बैठ रहे। चालकों ने सुबह छह बजे हड़ताल शुरू की और सुबह 9:24 मिनट तक गेट बैठे रहे।
चालकों ने बताया कि कंपनी की ओर से कहा गया कि हर एक कर्मचारी को सात हजार रुपये बोनस दिया जाएगा लेकिन अभी तक खाते में बोनस नहीं आया। इसके साथ छह महीने से पीएफ का पैसा भी अकाउंट में नहीं भेजा गया है। इसके बारे में संबंधित विभाग में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
चालक नरेंद्र कुमार ने बताया कि कंपनी की ओर से कहा गया है कि समय से पीएफ, बोनस भेज दिया जाएगा लेकिन न तो बोनस आया और न ही पीएस का पैसा।
चालक अरुण कुमार ने बताया कि यदि 30 अक्तूबर तक बोनस का पैसा खाते में नहीं आया तो सभी चालक कंपनी के खिलाफ फिर से प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल के दौरान पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। इस मौके पर राहुल कुमार, अमित चौधरी, गजेंद्र, सतवीर, परम सिंह आदि मौजूद रहे।