मुरादाबाद। सहालग के दिनों में बरातघर और बैंक्वेंट हाॅल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का बैंड बजा देते हैं। अधिकांश के पास पार्किंग की जगह न होने से सहालग के दिनों में लोग वाहन सड़कों के किनारे खड़ा कर देते हैं जिससे जाम लगता है। लेकिन इस सबसे बड़ी समस्या पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। अधिकारी भी केवल नोटिस जारी करने तक सीमित रहते हैं।
एमडीए क्षेत्र में सौ से अधिक बरातघर व बैंक्वेट हॉल हैं, जिनमें अक्सर कोई न कोई कार्यक्रम होता रहता है। शादी विवाह के कार्यक्रमों में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। बरातघरों को अंदर से बड़ा करने के चक्कर में संचालक पार्किंग स्थलों को छोटा कर देते हैं। शहर के पुराने मोहल्लों में बने अधिकांश बरातघरों में पार्किंग की व्यवस्था तक नहीं है। यही कारण है कि शादी समारोह में पहुंचने वाले मेहमान अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़ा करते है। सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़ा होने से जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में बैंक्वेट हॉलों के सामने से गुजरने पर लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। ऐसी स्थिति सहालग के दिनों में शहर के अधिकांश बरातघरों और बैंक्वेंट हाॅलों के आसपास बनी रहती है।
संचालकों का कहना है कि वह काफी समय से बैंक्वेट हॉल का संचालन कर रहे हैं। अब नोटिस भेजना समझ से परे है। टेंट हाउस एवं बैंक्वेट हाॅल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजू सरिन के मुताबिक एसोसिएशन का गठन किया गया था। लेकिन पिछले कुछ समय से एसोसिएशन सक्रिय नहीं है।
000
जाम की शिकायत पर एमडीए ने कराई जांच, भेजा नोटिस
मुरादाबाद। एमडीए के सचिव पंकज वर्मा के अनुसार लोगों ने जाम की शिकायतें की तो जांच कराई कराई गई, इसमें कई बरातघरों में पर्याप्त पार्किंग की कमी पाई गई है, जिन्हें नोटिस जारी किया गया है। उनसे कहा गया है कि पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित करें, समारोह के दौरान अतिरिक्त स्टाफ लगाकर व्यक्तिगत तरीके से वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराएं। दोबारा शिकायत आती है तो संबंधित बरातघर व बैंक्वेट हॉल परिसर पर सीलबंदी की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो
00
- मैं करीब 15 साल से बैंक्वेट हॉल चला रहा हूं। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से नोटिस भेजा गया है। नोटिस में कहा गया कि बैंक्वेट हॉल में पार्किंग की व्यवस्था करें वरना कार्रवाई की जाएगी। हमारे यहां पहले से पार्किंग की व्यवस्था है। - राजू सरिन, स्वयंवर बैंक्वेट हॉल
00
- हमारा बैंक्वेट हॉल आवास क्षेत्र में आता है। हमें विकास प्राधिकरण की ओर से कोई नोटिस नहीं आई है। हमारे यहां पार्किंग की व्यवस्था है। - प्रदीप शुक्ला, व्हाइट हाउस, बुदि्ध विहार
00
- मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से नोटिस मिला है। नोटिस में पार्किंग की व्यवस्था करने की हिदायत दी गई है। हमारे यहां पहले से ही पार्किंग की व्यवस्था है। जाम की स्थिति न बने इसके लिए गार्ड की भी व्यवस्था की जाती है। - आदेश कुमार, आरएस गार्डन, डिंगरपुर रोड
00
यहां शादियों के सीजन में लगता है जाम
- दिल्ली रोड पर सर्किट हाउस के पास, राधा कृष्ण मंदिर के पास
- जिला नेत्र चिकित्सालय के पास
- कांठ रोड पर मिगलानी के सामने
- रामगंगा विहार में सीएल गुप्ता स्कूल रोड पर
- नागफनी रोड पर अंबिका प्रसाद इंटर काॅलेज के पास
- डिप्टी गंज में तारा बिल्डिंग के पास
- पाकबड़ा जीरो प्वाइंट के पास
- एसपी रेलवे के आवास के पास
- प्रिंस रोड पर वाजिद नगर, हाफिज बन्ने खां की पुलिया के पास
- बुध बाजार में हिंदू काॅलेज के पास
00
जाम से प्रभावित होती है दुकानदारी
- सहालग के दिनों में जाम के कारण बरातघरों और बैंक्वेट हाॅल के आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होता है। ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते हैं। स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है। लेकिन दुकानदार इस बारे में सीधे ताैर पर कुछ बोलने से बचते रहे।
00
कई बैंक्वेट हाॅलों का नक्शा नहीं पास
- जांच के दाैरान एमडीए के कर्मचारियों को कुछ बैंक्वेट हॉल संचालक नक्शा नहीं दिखा पाए। ऐसे बैंक्वेट हाॅल संचालकों को नोटिस जारी कर नक्शा पास कराने के लिए आगाह किया गया है।