मुरादाबाद। दुर्गा क्रिकेट एकेडमी ने अंडर-13 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में रेलवे क्रिकेट एकेडमी को 179 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह और विशिष्ट अतिथि स्कूल संचालक कुसुमलता चौहान और प्रदीप टंडन ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। उनके साथ आईपीएल क्रिकेटर मोहसिन खान भी मौजूद रहे।
पीएसी मैदान पर शनिवार को खेले गए फाइनल मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दुर्गा क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 25 ओवर में 244 रन बनाए। टीम के लिए अरीब कमाल ने नाबाद 103 और नितिन ने 72 रन की पारी खेली। रेलवे एकेडमी के गेंदबाज केशव और दक्ष शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत खराब रही। दुर्गा एकेडमी के गेंदबाजों के सामने रेलवे क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम 65 रन पर ही ढेर हो गई। टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने 21 और शौर्य रस्तोगी ने 15 रन की पारी खेली। अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
गेंदबाजी टीम के लिए वहब तुर्क ने चार और आयुष ने दो विकेट हासिल किए। प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज नितिन को और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज आदित्य पांडेय को चुना गया। वहीं, नक्ष भटनागर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।