सियासी सरगर्मी के बीच शुक्रवार को पुलिस ने सांसद आजम के खिलाफ डूंगरपुर के 11 मुकदमों में कोर्ट चार्जशीट दाखिल कर दी है। इन मुकदमों में आजम खां का गंज पुलिस ने विवेचना के दौरान शामिल किया था।
हालांकि मुकदमे में नाम शामिल होने के बाद आजम खां ने कोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई थी, जहां से उनको जमानत मिल गई थी। सपा की पिछली सरकार में गंज थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के पास डूंगरपुर में आसरा आवास कॉलोनी बनवाई गई थी।
जिस जगह कॉलोनी बनी हैं, यहां पहले से कुछ लोगों रह रहे थे। आरोप है कि उनके मकानों को अवैध बताते हुए बुल्डोजर चलवा दिया गया था, उनके सामान लूट लिए गए थे और महिलाओं से छेड़छाड़ की गई थी। इस मामले में जुलाई 2019 में 11 मुकदमे आजम खां के समर्थकों को खिलाफ दर्ज हुए थे।
एक आरोपी को छोड़कर अन्य सभी को पुलिस जेल भी भेज चुकी है। जिन आरोपियों को जेल भेजा गया था, उनमें से कइयों की जमानत भी हो चुकी है। इन मुकदमों में आजम खां का नाम शामिल नहीं था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने विवेचना के दौरान आजम खां का नाम भी शामिल कर लिया था।