भोजपुर (मुरादाबाद)। गांव गोधी हमीरपुर के बाद तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गांव गनीमतनगर उर्फ सिहाली निवासी बाइक सवार ताहिर (35) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव गनीमतनगर उर्फ सिहाली निवासी ताहिर के परिवार में पत्नी फातिमा के अलावा तीन बेटियां व दो बेटे हैं। वह फेरी लगाकर लहसुन बेचकर परिवार का पालन पोषण करता था। रविवार की सुबह वह बाइक पर लहसुन लादकर बेचने के लिए मुरादाबाद की दिशा की ओर जा रहा था। ग्राम गोधी हमीरपुर के पास डंपर ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मौत की खबर सुनकर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।