मुरादाबाद। आईएफटीम विश्वविद्यालय में अंडर-16 ट्रायल के दूसरे दिन शनिवार को दो मैच खेले गए। इनमें डीएसए रेड, डीएसए ब्लैक की टीम विजयी रही। पहला मैच डीएसए रेड और डीएसए ब्लू के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर डीएसए रेड ने बल्लेबाजी करने खेलने का निर्णय लिया। डीएसए रेड के बल्लेबाजों के सामने डीएसए ब्लू के गेंदबाज पस्त नजर आए। टीम ने 40 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 214 रन का लक्ष्य खड़ा किया। टीम के लिए विधांत सिंह ने 42, लक्ष्य ने 36 रन का योगदान दिया। डीएसए ब्लू के लिए निशांत ने चार, स्कंद ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीएसए ब्लू टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट खोकर 187 रन ही बना सकी। इसमें इनामुल हक ने 40, अंश यादव ने 27 रन का योगदान दिया।
दूसरा मैच डीएसए ब्लैक और डीएसए ग्रीन के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर डीएसए ग्रीन ने पहले खेलते हुए 40 ओवर में छह विकेट खोकर 205 रन बनाए। टीम के लिए साध्य सिंह ने 54, यश भटनागर ने 33 रन का योगदान दिया। डीएसए ब्लैक के लिए रेयान ने दो, यश शर्मा ने एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए ब्लैक ने 32.3 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर जीत हासिल की। इसमें वीरप्पन इंसा 53, विवेक पाठक ने 47 रन का योगदान दिया। डीएसए ग्रीन के लिए उदय ने तीन, मोहम्मद समीर ने एक विकेट चटकाया। इसका आयोजन पूर्व रणजी खिलाड़ी डीएसए सचिव विजय गुप्ता की ओर से कराया गया। इस दौरान नितिन गुप्ता, क्रिकेट कोच बदरूद्दीन सिद्दीकी, खेल निर्देशक डॉक्टर कुशल पाल सिंह मौजूद रहे।