खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भोजपुर थाना क्षेत्र के मनकुआं मकसूदपुर में छापा मारकर अवैध ढंग से संचालित दवा की दुकान का भंडाफोड़ किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में डेढ़ लाख कीमत की एक्सपायरी डेट की नशीली दवाइयां बरामद की गईं हैं। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त को सूचना को मुखबिर से सूचना मिली कि भोजपुर थाना क्षेत्र के मनकुंआ मकसूदपुर ग्राम में अवैध ढंग से नशीली दवाएं बेची जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त ने निरीक्षक मुकेश जैन और उर्मिला वर्मा की टीम गठित कर छापा मारने के निर्देश दिए। टीम ने पुलिस फोर्स के साथ दुकान में छापा मारा तो वहीं एक्सपायरी डेट की नशीली दवाइयां मौजूद थीं। मौके पर डेढ़ लाख कीमत की एलोपैथिक औषधियां पाई गईं। इस बीच दुकानदार मो. हारून दवा बेचने का कोई भी औषधि लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने चार दवाइयाें के नमूने लिए।
जब्त दवाइयों को टीम ने भोजपुर थाने में रखवा दिया। इस मामले में तहरीर देने पर पुलिस ने केस दर्ज कर दुकानदार मो. हारून को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। नमूने को जांच के लिए टीम ने लखनऊ स्थित लैब भेजा जाएगा। इस मामले में दुकानदार के खिलाफ ड्रग्स एक्ट 1940 के तहत बगैर लाइसेंस एवं बगैर बिल के दवा विक्रय करने पर ड्रग्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। टीम में शामिल निरीक्षकों ने बताया कि बगैर लाइसेंस चल रही अन्य दुकानों को भी जब्त किया जाएगा। इस मामले में अभियान के तहत कार्यवाही की जाएगी। छापा मारने के लिए सूचनाएं इकट्ठा की जा रही हैं।