टाउनहाल स्थित सभागार में चार मार्च को सुबह 10:00 बजे महापौर की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। इसके लिए पार्षदों व सदस्यों को एजेंडा जारी कर दिया गया है। एजेंडे के मुताबिक बैठक में 10 जुलाई 2023 (कार्यकारिणी गठन) व 27 सितंबर 2023 की बैठक कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। इसके अलावा 11 दिसंबर 2023 को कार्यकारिणी समिति की हुई बैठक की पुष्टि के साथ नगर निगम के पुनरक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2023-24 पर भी चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक कई पार्षद जीआईएस सर्वे के आधार पर शहर के लोगों को भेजे जा रहे टैक्स वसूली के नोटिस को लेकर खासे खफा हैं। वजह यह है कि उनके पास सबसे अधिक समस्या अपने वार्ड के नागरिकों की ओर से इसी बात को लेकर पहुंच रही है। कई पार्षद महापौर, नगर आयुक्त से लेकर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी तक के समक्ष इसका विरोध भी जता चुके हैं। लेकिन शासन से सर्वे के आधार पर टैक्स वसूली की कार्रवाई तेज करने के दिए गए निर्देश व इसे लेकर की जाने वाली समीक्षा को लेकर अधिकारी टैक्स वसूली को लेकर लगातार शिकंजा कसते जा रहे हैं। अधिकांश वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का न होने का मुद्दा भी इस बार बोर्ड बैठक में कई पार्षद प्रमुखता से उठाएंगे। पार्षदों का कहना है कि दो कंपनियों को सभी 70 वार्डों के कूड़ा कलेक्शन का जिम्मा तो नगर निगम ने दे दिया है, लेकिन अभी भी आधे शहर के लोगों के घरों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम नहीं हो रहा है। इसके अलावा शहर की खस्ताहाल सड़क, चोक नाले-नालियों से जलभराव का भी मुद्दा कुछ पार्षद उठाएंगे।