जनता कर्फ्यू और लॉकडाउन होने से दवाओं की सप्लाई चेन टूटने से बाजार में संकट खड़ा हो गया है। सोमवार को मेडिकल स्टोर खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सैनिटाइजर, मास्क और ग्लब्ज के साथ कई दवाओं स्टॉक ही खत्म हो गया। बाजार में करीब 15 दिनों की दवाओं का स्टॉक है। लोगों की भीड़ ऐसे ही उमड़ी तो एक सप्ताह में ही मेडिकल स्टोर खाली हो जाएंगे।
जिले में तीन हजार मेडिकल स्टोर हैं। प्रतिदिन चार करोड़ रुपये की दवाओं की खपत होती है। इनमें करीब दो करोड़ रुपये की दवाएं शहरी क्षेत्र में बिकती हैं। मेडिकल स्टोर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष साहित्य प्रकाश रस्तोगी के मुताबिक मुरादाबाद में गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, लखनऊ, कानपुर और हिमाचल से मुख्य सप्लाई होती है। पिछले कुछ दिनों से सप्लाई चेन टूटी है। जनता कर्फ्यू से पूरा सिस्टम ही ठप हो गया है।
साहित्य रस्तोगी के मुताबिक सोमवार को मेडिकल स्टोर खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ गई। हालांकि, 70 फीसदी स्टोर ही खुल सके। होलसेल दुकानों में कर्मचारी नहीं आ सके। दुकानों में भीड़ उमड़ने से ग्जब्ज, मास्क और सैनिटाइजर खत्म हो गए। लोगों ने बुखार, गले के संक्रमण, पेट दर्द जैसी दवाएं खरीद ली। जिन लोगों का ब्लड प्रेसर, शुगर, थाइराइड समेत अन्य बीमारियों के नियमित दवाएं चलती हैं उन्होंने एकसाथ दवाएं खरीद ली हैं। इससे कई स्टोर खाली हो गए।