मुरादाबाद। साहित्यिक मुरादाबाद ने साहित्यकार प्रो. महेंद्र प्रताप की जयंती पर सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया। इस माैके पर साहित्यकार डॉ. रामानंद शर्मा को अंग वस्त्र, श्रीफल भेंट कर प्रो. महेंद्र प्रताप स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। वंदे भारत संस्था की ओर से धवल दीक्षित और मयंक शर्मा को भारत माता का चित्र भेंट किया गया। उर्दू साहित्य शोध केंद्र और कृष्ण बिहारी नूर साहित्य संस्थान ने भी डॉ. रामानंद शर्मा को सम्मानित किया।
लाजपत नगर स्थित महाराजा हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ मनोज व्यास ने मां सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से किया। साहित्यिक मुरादाबाद के संस्थापक डॉ. मनोज रस्तोगी ने प्रो. महेंद्र प्रताप का जीवन परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रो. महेंद्र प्रताप ने अपनी विद्वता, सौम्यता, शालीनता, विलक्षण प्रतिभा सम्पन्न व्यक्तित्व और आभा मंडल से समूचे मुरादाबाद को आलोकित किया। वह हिंदुस्तानी अकादमी प्रयागराज के सचिव भी रहे। बाल सुंदरी तिवारी ने उनके गीत मैं तुमको अपना न सकूंगा, तुम मुझको अपना लो सुनाकर वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रभात ने किया। इस मौके पर सह संयोजक डॉ. मोहम्मद आसिफ हुसैन, डॉ. विशेष गुप्ता, वंदना श्रीवास्तव, डॉ. आरती श्रीवास्तव, विनायक मणि, केजीके कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील चौधरी, रामावतार रस्तोगी, ओंकार सिंह ओंकार, डॉ. कृष्ण कुमार नाज, डॉ. प्रदीप शर्मा आदि मौजूद रहे। ब्यूरो