मुरादाबाद। फरवरी में पेश होने वाले बजट में मुरादाबाद रेल मंडल को मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली रेल लाइन के दोहरीकरण की सौगात मिल सकती है। इसके लिए बजट की मांग मंडल मुख्यालय की ओर से जोनल मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। दो बार से पिंक बुक में भी इस रेलखंड के दोहरीकरण का जिक्र है लेकिन प्रोजेक्ट को हरी झंडी नहीं मिल पाई।
अब आम बजट 2025-26 में उम्मीद है कि इस रेलखंड के दिन बहुरेंगे। मुरादाबाद से चंदौसी तक 45 किमी व चंदौसी से बरेली तक 70 किमी के हिस्से का दो चरणों में दोहरीकरण किया जाएगा। डबल लाइन रेलवे ट्रैक होने से लखनऊ से मुरादाबाद के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही एक ही समय में ज्यादा ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ रेल लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है। वहीं मुरादाबाद-चंदौसी रेललाइन के दोहरीकरण के लिए सर्वे हो चुका है। 2021 में रेलवे को मुरादाबाद यार्ड के विकास व मुरादाबाद-चंदौसी रेललाइन के दोहरीकरण के लिए 440 करोड़ रुपये का बजट मिला था। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि मंडल में मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली, हरिद्वार-देहरादून, हरिद्वार-ऋषिकेश, मेरठ-खरखौदा-हापुड़-बुलंदशहर रेलवे ट्रैक सिंगल लाइन है। इसके अलावा पूरा ट्रैक दोहरीकृत हो चुका है। अब मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण प्राथमिकता में है।