मुरादाबाद। जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में 45 पार वालों के लिए आई वैक्सीन की डोज दो घंटे में ही खत्म हो गई, जबकि केंद्र के बाहर करीब पचास से अधिक लोग खड़े रहे। इस पर लोगों ने हंगामा किया। करीब घंटे भर इंतजार के बाद वैक्सीन की पचास डोज मंगवाई गई और इंतजार में बैठे लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। हालांकि इस बीच कुछ लोग मायूस होकर केंद्र से लौट गए।
जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर सोमवार सुबह नौ बजे 45 पार और 18 पार वालों का टीकाकरण शुरू किया गया। 45 वर्ष पार वालों के लिए सिर्फ 70 डोज मंगाई थीं, जो महज दो घंटे में ही खत्म हो गईं। इस दौरान सिर्फ सत्तर लोगों को ही वैक्सीन की डोज लग पाई थी, जबकि पचास से अधिक लोग टीकाकरण कराने के इंतजार में कतार में खड़े थे। वैक्सीन खत्म होने की जानकारी होने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बाद कुछ लोग मायूस होकर घर लौट गए, जबकि कुछ लोग टीकाकरण के इंतजार में बैठे रहे। बाद में वैक्सीन भंडारण केंद्र से पचास डोज मंगवाकर इंतजार में बैठे पचास लोगों को टीका लगाया गया।