कांठ। कुत्तों और उत्पाती बंदरों का आतंक दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। अब इन्होंने 24 और लोगों को काटकर घायल कर दिया है। एक महीने से आवारा कुत्ते और बंदर 466 लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं, घायलों के द्वारा सीएचसी पहुंचकर खुद को एंटी रैबीज वैक्सीन की डोज लगवा रहे हैं।
तहसील क्षेत्र में आवारा कुत्तों और उत्पाती बंदरों का जबरदस्त आतंक है। यहां जहां लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं तो वहीं लोगों का नुकसान भी कर रहे हैं। आवारा कुत्ते के झुंड रास्तों में खड़े होते हैं, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। नगर क्षेत्र में जहां कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है तो वहीं यहां पर उत्पाती बंदर भी लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। दिन पर दिन बंदरों और कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऐसे 24 घायल पहुंचें, जिन्हें स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एंटी रैबीज वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई है। वहीं अस्पताल रिकार्ड के अनुसार एक जनवरी से शनिवार 31 जनवरी तक यानि एक महीने में 466 लोगों को आवारा कुत्ते और बंदर काटकर घायल कर चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदारों के द्वारा कुत्तों और बंदरों को पकड़वाने के लिए अभियान नहीं चलवाया जा रहा है।