आदमखोर बने जिले के कुत्तों का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा हैै। मूढ़ापांडे थाना क्षेत्र के वीरपुर बरियार में गली के मोड़ पर खेल रहे बच्चे पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे की आंख और चेहरे को जख्मी कर दिया।
परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां एंटी रैबीज और एंटी सिरम का डोज लगाया गया। बाद में मेरठ रेफर कर दिया गया। वहीं गांव में कई लोगों शिकार बना चुके कुत्ते को ग्रामीणों ने मार डाला।
मूढापांडे थानाक्षेत्र के गांव वीरपुर बरियार निवासी साबिर का पांच वर्षीय बेटा शाहिद घर के बाहर गली की मोड़ पर गुरुवार की सुबह दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इस बीच जंगली कुत्ता आ धमका और बच्चों पर हमला बोल दिया। दूसरे बच्चे तो भाग निकले, लेकिन शाहिद उसकी जद में आ गया।
खूंखार कुत्ते ने बच्चे का चेहरा और आंख को नोंच डाली। शोरशराबा होने पर ग्रामीण जुट गए और कुत्ते को खदेड़ दिया। परिजन शाहिद को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मरहम पट्टी करने के बाद एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया।
वहीं जख्म गर्दन के ऊपर होने पर एंटी सिरम का भी डोज दिया गया। इसके बाद बच्चे की हालत देखकर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। मां मोमीना और पिता साबिर के मुताबिक खूंखार कुत्ता गांव में कई लोगों को काट चुका है। शिकायत के बाद भी कुत्ते को नहीं पकड़े जाने पर गुस्साए ग्रामीणों ने उसे मार डाला।