मुरादाबाद। एमडीए द्वारा बेसमेंट की चेकिंग से परेशान आईएमए के डॉक्टरों ने शुक्रवार को विधायक के साथ मंडलायुक्त से मुलाकात की। डॉक्टरों ने एक माह की मोहलत मांगी। मंडलायुक्त ने डॉक्टरों को राहत देने का आश्वासन दिया।
एमडीए ने दिल्ली की घटना के बाद कोचिंग संस्थानों के साथ ही डॉक्टरों के अस्पताल, क्लीनिक और नर्सिंग होम के बेसमेंट की जांच शुरू कर दी है। कुछ डॉक्टरों ने बेसमेंट का नक्शा पास नहीं कराया है। इस मामले में एमडीए ने नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। जांच से परेशान डॉक्टरों ने इस मामले में नगर विधायक रितेश गुप्ता से मदद मांगी।
विधायक ने आईएमए के अध्यक्ष डॉ. रवि गंगल सहित अन्य डॉक्टरों के साथ मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह से मुलाकात की। डॉक्टरों ने बताया कि एमडीए बेसमेंट की जांच कर नोटिस जारी कर रहा है। इस मामले में उन्हें एक माह की मोहलत दे दी जाए। बेसमेंट में जो भी कमियां होंगी उन्हें दूर करा दिया जाएगा। मंडलायुक्त ने इस मामले में राहत देने का आश्वासन दिया। डॉक्टरों ने मंडलायुक्त से गृह कर के बारे में भी चर्चा की है। ब्यूरो