नया मुरादाबाद के सेक्टर 15 में ब्राइट स्टार अस्पताल बनाने के लिए खोदे गए बेसमेंट
- फोटो : अमर उजाला
नया मुरादाबाद में हास्पिटल बनाने के लिए डॉक्टर पाताल ‘सुखाने’ में जुटे हैं। भूजल स्तर कम करने के लिए पिछले छह माह से 100 बोरिंग पर 20 पंप लगाकर जमीन का पानी नालों में फेंका जा रहा है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जल संरक्षण के अभियानों से जुड़े लोग अब भूजल की बर्बादी के खिलाफ खड़े होने लगे हैं।
नया मुरादाबाद के सेक्टर 15 में सात डॉक्टर्स का ग्रुप ब्राइट स्टार हास्पिटल का निर्माण करा रहा है। करीब पांच हजार वर्गमीटर जमीन में निर्माण चल रहा है। डबल बेसमेंट बनाने के लिए पूरी जमीन में तीस फुट तक मिट्टी निकाली जा चुकी है। इसी दौरान भूजल बाहर आ गया तो उसे निकालने के लिए पंप लगाए गए।
पानी कम नहीं हुआ तो करीब 100 स्थानों पर बोरिंग करके जमीन से पानी खींचना शुरू किया गया। निर्माण में जुटे इंजीनियरों का कहना है कि पानी खींचकर भूजल का स्तर कम किया जा रहा है।
बड़ी मात्रा में जमीन का पानी खींचकर बाहर नाले में फेंकने का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। लोग अब इस मामले को एनजीटी में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। अस्पताल में डॉ. सीपी सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. संजय वार्ष्णेय, डॉ. गौरव कुमार, डॉ. यशपाल सिंह पार्टनर हैं।