मुरादाबाद। आप हमेशा दो बैंक में अपना अकाउंट रखें। एक से सामान्य लेनदेन करें और दूसरे को सेविंग अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करें। सेविंग अकाउंट को इंटरनेट चलाने वाले मोबाइल नंबर से लिंक न करें, क्योंकि साइबर ठग कुछ सेकेंड में ही बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
कई बार रुपये वापस मिलना मुश्किल हो जाता है। यह जानकारी एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने कहा कि बैंक से रुपये निकालने के बाद साइबर ठग उस रकम को 10-12 अलग-अलग अकाउंट में भेज देते हैं और फिर अन्य अकाउंट में रुपये भेजे जाते हैं। जब तक हम उस बैंक अकाउंट को फ्रीज करवाते हैं, तब तक रकम कई हिस्सों में बट चुकी होती है। जागरूकता ही ठगी से बचने का कारगर उपाय है।
एसपी ने विद्यार्थियों को 18 वर्ष की उम्र तक वाहन न चलाने, उसके बाद दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, कार चलाने पर सीट बेल्ट लगाने की बात कही। इस दौरान प्रभारी प्रधानाचार्य राजीव ढल, ग्रंथ सिंह, धर्मेंद्र वंश आदि मौजूद रहे।