मुरादाबाद। जिला अस्पताल में बने कोविड हास्पिटल एल वन और एल टू का जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। अस्पताल में अव्यवस्था और गंदगी पर उन्होंने जानकारी की तो यहां काफी संख्या में सफाई कर्मचारी, वार्ड ब्वाय और वार्ड आया अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी को चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय मुरादाबाद में पीछे बने कोविड अस्पताल में रखी ऑक्सीजन टंकी और अस्पताल में कार्यरत स्टाफ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अस्पताल में अव्यवस्था और गंदगी देख डीएम ने डॉ. रनवीर सिंह से कारण पूछा। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी, वार्ड ब्वाय और आया ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। यह जान जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो करीब नौ सफाई कर्मी और इतने ही वार्ड ब्वाय और आया गायब मिले। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों में ज्यादातर उपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि उक्त कर्मी कार्य पर नहीं आते हैं तो उनके स्थान पर आउटसोर्सिंग से नियुक्ति कर ली जाएगी। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को अस्पताल में सभी तरह की स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं और कहा कि रोगियों का ठीक प्रकार से इलाज और देखभाल कर ऑक्सीजन व अन्य दवाइयां, उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित तीमारदारों से कहा कि वह मरीजों की देखभाल को लेकर परेशान न हों अस्पताल में मरीजों की उचित देखभाल की जा रही है। डीएम ने सभी से मास्क लगाने और दो गज की दूरी बनाकर रखने को कहा। इस अवसर पर डॉ. प्रेमी और अन्य डॉक्टर भी मौजूद रहे।