मुरादाबाद। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान आईजीआरएस 564 शिकायतें लंबित होने के साथ प्रदेश में 59 वीं रैंक होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी, पंचायतीराज, जिला पंचायत, आरईएस के अधिकारियों को बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू कराने को कहा। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इसमें शिथिलता बर्दास्त नहीं की जाएगी।
वह कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार बिजली, लोक निर्माण विभाग, सामुदायिक शौचालय, हैंडपंप रिबोर, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पेयजल मिशन, पेंशन, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, कन्या सुमंगला योजना, सामाजिक वनीकरण, कौशल विकास, शादी अनुदान, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग एक ही जगह से वेतन प्राप्त कर रहे हैं। अत: अधिकारी अपने दायित्वों का कुशलता पूर्वक निवर्हन करते हुए शासकीय योजनाआें के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाकर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
अधिशासी अभियंता आरईएस को नई सड़कों का निर्माण चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की प्रगति बढ़ाने समेत अन्य विभागों को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, परियोजना निदेशक सतीश कुमार मिश्रा, जिला अर्थ संख्याधिकारी मो. परवेज, जिला विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग आदि मौजूद रहे।