कुंदरकी। मुरादाबाद-संभल रोड से सटे कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम लदुपुरा में डीएम और एसएसपी ने भूमि विवाद की हकीकत जानने के लिए चामुंडा देवी मंदिर और एक प्लॉट का किया। डीएम ने नक्शा दुरुस्ती से समाधान कराने की बात कही। मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम लदुपुरा में वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद की शनिवार को फिर से शिकायत आने पर जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पेंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजस्व अधिकारियों के साथ विवादित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया और दोनों पक्षों को सामने बुलाकर उनकी बात सुनी। डीएम ने चामुंडा देवी मंदिर परिसर और उससे सटे एक प्लॉट का भी जायजा लिया। राजस्व अभिलेखों और नक्शे से संबंधित जानकारी लेने के बाद डीएम ने दोनों पक्षों को मामले के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।
डीएम ने बताया कि शासन के निर्देश पर तहसील और थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों में आवश्यक मामलों का मौके पर निस्तारण किया जाता है। लदुपुरा निवासी शिकायतकर्ता ने चामुंडा देवी स्थल की स्थिति को लेकर आपत्ति जताई थी जिसके समाधान के लिए भूमि विवाद की हकीकत जानने आए थे। डीएम ने नक्शा दुरुस्ती से इस प्रकरण का स्थायी समाधान कराने की बात कही है। इस दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे।