खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव पद से स्थानांतरित होकर आए दिव्यांशु पटेल ने यहां नगर आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को शहर में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और स्मार्ट सिटी के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नव नियुक्त नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बृहस्पतिवार दोपहर बाद यहां पहुंचे। नगर निगम प्रशासन ने उनके स्वागत की पहले से ही तैयारी कर रखी थी। कार्यालय परिसर में रंगोली बनाई गई थी। पीलीकोठी स्थित कैंप कार्यालय पहुंचने पर अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, अनिल कुमार समेत नगर निगम के सभी अधिकारियों ने उन्हें बुके देकर उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद कुछ देर उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और दिशा निर्देश दिए। इसके बाद वह स्मार्ट सिटी के दफ्तर गए। वहां कामकाज देखा। बाद में वह पीलीकोठी स्थित महापौर के कैंप कार्यालय पहुंच वहां महापौर विनोद अग्रवाल से मुलाकात की। बाद में वह मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात के करने के लिए चले गए।