बिलारी। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंगलवार शाम क्षेत्र के पीपली स्थित अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के छात्रों से खुलकर बात की और उन्हें बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
मंडलायुक्त शाम लगभग सवा पांच बजे अटल आवासीय विद्यालय पहुंचें। यहां सबसे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य टीपी सिंह के निर्देशन में विद्यालय की छात्राओं ने मंडलायुक्त का स्वागत किया। स्वागत के बाद मंडलायुक्त सीधे छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचें और उनसे खुलकर बात की। मंडलायुक्त ने छात्रों से पूछा कि विद्यालय में शिक्षण और रहने के दौरान कहीं किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। मंडलायुक्त ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से स्कूल की सभी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं के छात्रावास, खाना बनाने के मैस आदि का भी निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने विद्यालय प्रधानाचार्य और सीएचसी बिलारी के चिकित्साधीक्षक को निर्देश दिए कि निर्धारित आयु सीमा वाली छात्राओं को उनके अभिभावकों से बात करने के बाद एचपीवी वैक्सीन लगवाई जाए। विद्यालय में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता निरंतर और बेहतर बनाकर रखी जाए। निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इस दौरान जिला मुख्यालय और स्थानीय तहसील के अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।