मुरादाबाद। कमिश्नर संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में सीएम डैशबोर्ड के तहत विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। आईजीआरएस रैंकिंग में मुरादाबाद मंडल तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले अगस्त में मंडल 11वें स्थान पर था। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
कमिश्नर ने दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में निर्धारित तिथियों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया। मोढ़ा तैया को वेटलैंड के रूप में चिह्नित कराने के लिए डीएम मुरादाबाद को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक जिले में एक माह के भीतर कम से कम 10 तालाबों पर काम शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान संचालित परियोजनाओं का रैंडम सत्यापन कराने को कहा, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके।
कमिश्नर ने मंडल के सात विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल नहीं होने के मामले में एडी बेसिक को शीघ्र काम शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं, 20 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों के संबंध में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाने को कहा।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अगले दो माह में प्रत्येक जिले में कम से कम एक वृहद गौशाला को मॉडल गौशाला के रूप में विकसित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम मुरादाबाद अनुनय झा, रामपुर के अजय कुमार द्विवेदी, संभल के अंकित खंडेलवाल, अमरोहा के नितिन गौड़ और बिजनौर के उमेश प्रताप सिंह के साथ सभी मुख्य विकास अधिकारी और अन्य मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।