फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला योजना की बैठक में खुल गई अनियोजित विकास की पोल, कई मुद्दों को उठाया

Sun, 14 Feb 2021 02:32 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद
विज्ञापन
दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में जिला योजना की बैठक में प्रभारी जल शक्ति मंत्री डॉ महेन्द्र सिंह । - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिला योजना समिति की बैठक मेें अनियोजित तरीके से किए जा रहे विकास की पोल खुल गई। कुंदरकी से सपा विधायक हाजी रिजवान ने विकास कार्यों के दावों की कई बार हकीकत सामने रखी। वहीं कांठ से भाजपा विधायक राजेश कुमार चुन्नू ने सड़क चौड़ीकरण में बिजली खंभे न हटाए जाने का मामला उठाया। इलाके की खस्ताहाल सड़कों, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, बिजली समस्या और अधूरे निर्माण से बजट की बर्बादी जैसे मुद्दे उठते रहे। बैठक के अध्यक्ष प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह इस बारे में अधिकारियों से पूछते रहे और वे कोई उचित जवाब नहीं दे पाए।
विज्ञापन


प्रभारी मंत्री सर्किट हाउस में तड़के पांच बजे पहुंच गए थे। उन्होंने दस बजे जिला योजना की बैठक ली। एक एक विभाग के अधिकारियों से पिछले बजट में स्वीकृत और व्यय धनराशि की जानकारी मांगी। कई अधिकारी सटीक जानकारी नहीं दे पा रहे थे तो कुछ ने सवालों में फंस गए। इसी दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी नारायण उस समय फंस गए, जब उन्होंने कांठ क्षेत्र के नौ किलोमीटर लंबे छजलैट-नूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण का गुडवर्क गिनाया। इस पर कांठ से भाजपा विधायक राजेश कुमार चुन्नू विरोध में खड़े हो गए।

कहा कि सड़क का चौड़ीकरण तो शुरू कर दिया, लेकिन बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर नहीं हटवाएं हैं, जो चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं। इससे दुर्घटना की आशंका रहती है। प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने अधिशासी अभियंता से पूछा कि खंभे क्यों नहीं हटवाए गए, लेकिन वह इसका कोई उत्तर नहीं पाए। यही कहते रहे कि बिजली के खंभे हटवा दूंगा। प्रभारी ने इसे लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई।
विज्ञापन


वहीं कुंदरकी विधायक हाजी रिजवान ने कहा कि सन 2013 में स्वीकृत हुए सरखड़ा खास स्थित आईटी भवन तो बनकर तैयार हो गया, लेकिन कुछ काम रोककर हैंडओवर नहीं किया जा रहा है, जिससे यहां के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। सड़क और पुल निर्माण में एक हजार लाख रुपये खर्च करने जानकारी अधिशासी अभियंता ने दी तो कुंदरकी विधायक ने आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में कोई काम नहीं हुआ है।

सड़कें जर्जर है, गड्ढों में गिरकर लोग घायल हो रहे हैं। उन्होंने छह-छह करोड़ रुपये की लागत से बनाईं गईं सीएचसी रतनपुर कलां, कुंदरकी और मूंढापांडे में विशेषज्ञ डॉक्टरों के न होने के बावजूद अस्पतालों में खर्च की गई धनराशि पर सवाल उठाए। इस तरह स्वास्थ्य, पशुपालन, बिजली आदि विभागों की भी हकीकत सामने आई।

भाजपा सरकार में नहीं आया कोई पैसा, ठप हो गया विकास: रिजवान
कुंदरकी से सपा विधायक हाजी रिजवान ने प्रभारी मंत्री से कहा कि सपा सरकार में सरखड़ा में आईटीआई भवन बना, दो राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बने और रतनपुर, मूंढापांडे व कुंदरकी में पीएचसी से सीएचसी का निर्माण हुआ, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद न तो आईटीआई और स्कूल संचालित हो पाए और न ही सीएचसी का लाभ मिला। भाजपा की सरकार में तीन साल से कोई पैसा न आने के कारण विकास कार्य तक ठप हो गया। कुंदरकी-डींगरपुर-पाकबड़ा मार्ग आठ किलोमीटर खस्ताहाल है, जिसे नहीं बनवाया जा सका।

सपा सरकार का भ्रष्टाचार पकड़ा, इसलिए रुका है आईटीआई भवन का निर्माण: डा. महेंद्र
प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने सपा विधायक से कहा कि आप वरिष्ठ नेता हैं। जब 2013 में आईटीआई भवन का निर्माण स्वीकृत हो गया था तो 2017 से पहले हैंडओवर क्यों नहीं करा पाए। आपको पता है कि आईटीआई भवन के निर्माण का एस्टीमेट लागत से कई गुना अधिक बना था, जिसके कारण शेष धनराशि रोक दी गई। जांच हो रही है। प्रभारी मंत्री ने अस्पतालों में विशेष डॉक्टरों की तैनाती के मुद्दे पर कहा कि सपा सरकार की तुलना में आम जनता को बेहतर इलाज मिल रहा है।

मुरादाबाद को अब चमकाना है...पूरे मनोयोग से जुट जाएं अफसर
जिले के प्रभारी और जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने जिला योजना समिति की बैठक में अधिकारियों से कहा है कि अधिकारी बजट खर्च कर ड्यूटी पूरी करने तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसा काम करें कि पहचान बन जाए। परंपरा को छोड़कर अपने काम में नवीनता लाएं और यह तभी होगा जब वह पूरे मनोयोग एवं ईमानदारी से काम करेंगे। मुरादाबाद को चमकाना है, इसलिए अधिकारी जुट जाएं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी एक सप्ताह में डीएम को बताएं कि विकास कार्यों में वह किस तरह अपनी भूमिका निभा रहे हैं। बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, सदस्य विधान परिषद हरिसिंह ढिल्लो, खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान, जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान, महानगर अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

जिला योजना में 280 करोड़ 41 लाख की धनराशि मंजूर
जिले के प्रभारी और जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जिला योजना समित ने जिले के विकास के लिए 280 करोड़ 41 लाख रुपये की धनराशि का अनुमोदन किया। इस धनराशि से गन्ना, पशुपालन, दुग्ध, सहकारिता, वन, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, मनरेगा, खादी एवं ग्रामोद्योग, पर्यटन, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा, युवा आदि विभागों में विकास कार्य कराए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने जिला योजना में स्वीकृत धनराशि की बाबत प्रेस वार्ता में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं। साथ ही इस बार के आम बजट को आत्मनिर्भर भारत बनाने वाला ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी बजट में कोई कर नहीं लगाया गया है।

सपा के तीन विधायक रहे नदारद
क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण जिला योजना समिति की बैठक से सपा के तीन विधायक क्रमश: मुरादाबाद देहात से हाजी इकराम कुरैशी, बिलारी से फहीम इरफान और ठाकुरद्वारा से नवाबजान नदारद रहे।

मध्य गंगानहर परियोजना से चार जिलों का उठेगा जलस्तर
जल शक्ति मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह ने सिंचाई विभाग की मंडलीय समीक्षा करते हुए कहा कि मध्य गंगानहर परियोजना से बिजनौर, संभल, अमरोहा और मुरादाबाद जिले का जलस्तर उठेगा। यह परियोजना इसी साल दिसंबर तक पूरी होनी है। मंत्री सर्किट हाउस में बैठक कर रहे थे। बैठक में जलशक्ति मंत्री ने मध्य गंगा नहर परियोजना द्वितीय चरण की समीक्षा में पाया कि जनपद बिजनौर में गंगा नदी पर स्थित मध्य गंगा बैराज के बाएं किनारे पर मानसून काल में अतिरिक्त जल का उपयोग किया जाएगा, जिससे चारों जिलों में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

परियोजना के कमांड क्षेत्र में सिंचाई के लिए अन्य कोई नहर प्रणाली उपलब्ध नहीं है और 12 विकास खंडों में से 11 विकास खंड डार्क ब्लाक श्रेणी में चिन्हित हैं। परियोजना से भूजल स्तर बढ़ेगा। इस परियोजना से ग्राम पीपलसाना बरहापुर, लालापुर, राई, भूड़ आदि गांवों की बाढ़ से सुरक्षा होगी। बैठक में मंडलायुक्त वीरेन्द्र कुमार सिंह सहित मंडल के सभी जिलाधिकारी, सीडीओ और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें