मुरादाबाद। हाईवे पर वाहनों को रोककर अवैध वसूली करने के आरोप में जेल भेजे गए टीआई धर्मेंद्र सिंह राठौर की टीम में शामिल रहे एक होमगार्ड जितेंद्र शर्मा को गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में फरार एक अन्य होमगार्ड और सिपाही की तलाश में पुलिस जुटी है। शुक्रवार को आरोपी होमगार्ड को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर, जिला कमाडेंट होमगार्ड्स ने दोनों होमगार्डों को निलंबित कर दिया है। उनका कहना है कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद सेवा समाप्त की कार्रवाई की जाएगी।
मझोला थानाक्षेत्र में मनोहरपुर गांव के पास दिल्ली लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह पिकअप वाहन से टकराकर डबल डेकर बस पलट गई थी। इस हादसे में यातायात पुलिस के सिपाही और पिकअप वाहन में सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 19 लोग हादसे में घायल हो गए थे। जांच पड़ताल में सामने आया था कि यातायात निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर और अन्य पुलिस कर्मियों ने हाईवे पर अवैध वसूली के मकसद से पिकअप वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस पिकअप वाहन में आकर टकराई थी। इस मामले में छह पुलिस कर्मियों के खिलाफ अवैध वसूली, गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस टीआई धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में सिपाही नरेंद्र यादव, होमगार्ड रोहित कुमार और जितेंद्र कुमार शर्मा फरार चल रहे थे। सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने बताया कि गुरुवार को जीरो प्वाइंट के पास से आरोपी होमागर्ड जितेंद्र कुमार शर्मा निवासी विचौली थाना मैनाठेर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। अन्य आरोपियों की तलाश में भी पुलिस टीम लगी है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स मनोज कुमार बघेल ने बताया कि दोनों होमगार्ड रोहित कुमार और जितेंद्र शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।