पुलिसकर्मी से भिड़ने पर व्यक्ति गिरफ्तार
पाकबड़ा में वाहन चेकिंग कर रही महिला दरोगा से एक सर्राफ ने अभद्रता कर दी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सर्राफ बाजार में वाहन चेकिंग का विरोध कर रहा था। पुलिस के समझाने पर वह महिला दरोगा से भिड़ गया और अभद्रता करने लगा।
पाकबड़ा थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक निशा देवी एक साथी महिला दरोगा और कुछ सिपाहियों के साथ पाकबड़ा बाजार में दोपहिया वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान कुछ व्यापारी मौके पर इकट्ठा होकर आए और वाहन चेकिंग का विरोध करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंचे कस्बा प्रभारी विकास सिंह ने व्यापारियों को समझाकर शांत किया। इसके बाद महिला दरोगा ने अपनी टीम के साथ फिर से वाहन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद ही यहां से गुजरे सर्राफ बब्बू हुसैन ने वाहन चेकिंग का विरोध किया।
महिला पुलिसकर्मियों ने बब्बू को वहां से जाने को कहा लेकिन उसने महिला दरोगा से सरेआम अभद्रता शुरू कर दी। महिला दरोगा की सूचना पर थाने पहुंची पुलिस ने टीम ने बब्बू को मौके से हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के अभद्रता करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कुछ व्यापारियों ने थाने पर जाकर हंगामा करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें घर भेज दिया।