मुरादाबाद। तीजे की रस्म अदा करने गए लोगों और महंत के बीच विवाद हो गया। मामला मुगपुरा थानाक्षेत्र का है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। हंगामा हुआ तो सूचना मुगलपुरा पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह नवाबपुरा क्षेत्र के कुछ लोग तीजे की रस्म अदा करने के लिए लालबाग स्थित मंदिर पहुंचे थे। जब वह रस्म की तैयारी करने के लिए आश्रम में जाने लगे तभी उनको महंत छोटे लाल ने रोक दिया। रविवार को साप्ताहिक बंदी होने का हवाला देते हुए लौटने के लिए कहा। इस पर लोगों और मंहत के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ा तो गाली-गलौज सेमारपीट पहुंच गया।हंगामे की सूचना पर मुगलपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। मंहत ने दूसरे पक्ष के लोगों से स्वयं को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। तो वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि महंत तीजे की रस्म अदा कराने के लिए साप्ताहिक बंदी का हवाला देकर अवैध वसूली करना चाहते थे। जब विरोध किया तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। मुगलपुरा पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।