मुरादाबाद। देश में जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव हो रहा है। मौजूदा भाजपा सरकार के दौर में वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत की अवहेलना हो रही है। सपा कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ने का काम कर रहे हैं। यह बातें सपा की मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहीं।
बैठक में उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उसमें हर जाति की भागीदारी हो। साथ ही बूथ स्तर पर जातिगत गणना और वोट प्रतिशत बढ़ाए जाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष और जिला संगठन के पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में पीडीए की चौपाल पर भी चर्चा हुई। साथ ही वरिष्ठ नेता महेंद्र राजभर पर हुए हिंसक हमले की निंदा की गई।
पूर्व विधायक हाजी रिजवान ने महंगाई, बेरोजगारी, मंदी पर सरकार को घेरा। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन को भव्य तरीके से मनाए जाने की भी योजना तैयार की गई। बैठक में पूर्व मंत्री जुगल किशोर वाल्मीकि, वेद प्रकाश सैनी, प्रदीप यादव, योगेंद्र यादव, नाजिम सैफी, फुरकान अली, प्रेमबाबू वाल्मीकि, हिमांशु सैनी आदि माैजूद रहे।