कांठ। सहकारी गन्ना विकास समिति में कांठ में हुई वार्षिक सामान्य निकाय (एजीएम) की बैठक में समिति डायरेक्टरों और संचालकों ने दीवान चीनी मिल द्वारा किए गए अभी 30 जनवरी तक के गन्ना भुगतान को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। इसी के साथ जल्द से जल्द गन्ना भुगतान दिलाने की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए गन्ना समिति के चेयरमैन कुंवर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि समिति किसानों के हित के लिए ही है। यहां गन्ना भुगतान, खाद, गन्ना पर्चियों, सट्टा आदि के लिए किसानों को किसी भी दशा में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने के लिए समिति सचिव खेत सिंह से कहा। इस अवसर पर बैठक में वर्ष 2025-26 के बजट पर स्वीकृति दी गई। गांव कुचावली और भीकनपुर खाद गोदामों की मरम्मत कराने, समिति के फार्म मशीनरी बैंक में उपलब्ध कृषि यंत्रों के सुचारू संचालन पर जोर दिया गया। कुछ सदस्यों ने पुलिया और खड़ंजा आदि के प्रस्ताव भी बैठक में रखें। जिन्हें स्वीकार करते हुए लोक निर्माण विभाग को भेजने के लिए कहा गया। बैठक का संचालन समिति सचिव खेत सिंह ने किया। इस अवसर पर समिति के उप चेयरमैन संजय कुमार, डायरेक्टर गौरव कुमार, समरपाल सिंह, पुष्पा देवी, अंजू देवी, संजय कुमार, सचिन कुमार, उधम सिंह, राहुल कुमार, महिपाल सिंह, लिपिक अनिल कुमार, मोहित कुमार सहित गन्ना पर्यवेक्षक व संचालकों ने बैठक में भाग लिया।