ठाकुरद्वारा। निजी अस्पताल के डॉक्टर शाहनवाज सहित चार के खिलाफ दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे की विवेचना थाना डिलारी के प्रभारी योगेंद्र सिंह करेंगे।
डॉ.शाहनवाज, वार्ड बाय जुनैद, दूसरी नर्स मेहनाज और उनके भाई फैजान के खिलाफ कोतवाली के प्रभारी विवेक शर्मा ने गैंगस्टर का मुकदमा कायम कराया है। करीब सात माह पूर्व डॉक्टर पर अपने साथियों की मदद से थाना डिलारी के एक गांव निवासी नर्स के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा कायम हुआ था। इस कांड में उनके अन्य तीन साथियों को भी अभियुक्त बनाया गया है। डीएम से स्वीकृति मिलने के बाद चारों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई हुई है। अब इस मामले की विवेचना थाना डिलारी के प्रभारी योगेंद्र सिंह को दी गई है। उन्हें विवेचना मिलने के बाद मुकदमे से संबंधित सभी दस्तावेज भेजे जा रहे हैं। विवेचना थाना डिलारी में शिफ्ट हो जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसकी पुष्टि कोतवाली ठाकुरद्वारा के प्रभारी निरीक्षक विवेक शर्मा ने की है।