मुरादाबाद। पीतल कारोबारी इमरान के मकान का डिजिटल लॉक मकान के अंदर से ही खोला गया था। पुलिस ने डिजिटल लॉक के बारे में एक्सपर्ट से राय ली तो पता चला कि यह लॉक बिना रिमोट के किसी चाबी से नहीं खुल सकता है। केवल तोड़ा ही जा सकता है। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। पुलिस ने परिवार के सभी छह सदस्यों से अलग अलग पूछताछ भी की तो अहम सुराग हाथ लग गए हैं।
पीतल कारोबारी इमरान के घर में डकैती डालने वाले बदमाशों को न तो घर में घुसने में परेशानी हुई और न ही भागने में। मुरादाबाद से लेकर बरेली तक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने निरीक्षण किया। इस घटना में सभी की निगाहें डिजिटल लॉक पर आकर टिक गईं। जिसके तोड़ने पर आवाज आती और दूसरी चाबी लगाने पर अलार्म भी बज जाता लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ था। पुलिस ने डिजिटल लॉक के बारे में एक्सपर्ट से राय ली। इसके बाद पुलिस ने दोबारा परिवार के लोगों से पूछताछ की। सभी को अलग अलग रखकर सवाल किए। इससे पुलिस को अहम कड़ी हाथ लग गई है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि डिजिटल लॉक अंदर से ही रिमोट से खोला गया था। इसके बाद पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुट गई है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि डकैती के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं । जिसके जरिए बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।