मुरादाबाद। आवास विकास परिषद का सेक्टर-10 के लोग जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी से घिरे हैं। कहीं सीवर ओवरफ्लो हैं तो कहीं सड़कों के गहरे गड्ढे के बीच निकलना दुश्वार है। शिकायत करके भी यहां के लोग थक चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही हैं। समस्या 15 साल बाद भी जस की तस बनी हुई है। एमडीए हो या फिर आवास विकास परिषद, विकसित की गई कॉलोनियों और सेक्टरों का हाल बदहाल है। शहर की पॉश कॉलोनी बुद्धि विहार से सटे आवास विकास परिषद की ओर से वर्ष 2011 में सेक्टर 10 को विकसित किया था, जिसमें जलनिकासी न होने के कारण लोगों के घरों तक पानी भर जाता है। यहां बिना बरसात के ही सड़कों पर जलभराव बना रहता है। जिससे लोगों की आवागमन में असुविधा स्थाई हो गई है।