कुंदरकी। मुरादाबाद- आगरा नेशनल हाईवे से सटे कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर हमीर के किनारे खड़े दो टैंकरों से 770 लीटर डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित टैंकर चालक ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम संदलपुर निवासी अंकित ने बताया कि वह टैंकर चलाता है। शनिवार को उसने टैंकर को हाईवे से सटे ग्राम हुसैनपुर में खड़ा किया था। रात में कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी की टंकी से 450 लीटर डीजल ने चोरी कर लिया। साथ ही उसकी गाड़ी के बराबर में खड़ी दूसरे टैंकर में से भी 320 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया है। इसी बीच आवाज होने पर उसकी आंखें खुल गई तो वह केबिन से निकल कर नीचे आया तो चोरों ने तमंचे से धमकाते हुए धक्का मुक्की की और कार में बैठकर बिलारी की दिशा में भाग गए।
पीड़ित टैंकर चालक का कहना है कि इससे पहले भी उनकी गाड़ियों से डीजल चोरी हो चुका है जिससे स्पष्ट हो रहा है कि कुंदरकी क्षेत्र में मुरादाबाद आगरा नेशनल हाईवे पर कार सवार डीजल चोर गैंग सक्रिय है। पुलिस ने डीजल की वारदात संज्ञान होने की बात कह रही है, लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। संवाद