मुरादाबाद। धनतेरस पर बाजार पर जमकर धन की बरसात हुई। बाजार में रौनक दिखाई दी। लोगों ने खूब खरीदारी की। बर्तन बाजार और सराफा बाजार आधी रात तक गुलजार रहा। इस बार सराफा बाजार में हीरे की चमक बिखरी और चांदी की एंटीक ज्वैलरी की खूब मांग रही। पीतल के सजावट के सामान की उपहार के लिए खरीदारी की गई। कपड़ा, इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी बूम देखने को मिला। ऑटोमोबाइल्स सेक्टर में दोपहिया के साथ चार पहिया वाहनों की जमकर बिक्री हुई। अनुमानित तौर पर सात सौ करोड़ रुपये का कारोबार इस बार हुआ है।
हीरा की अंगूठी, चांदी के बर्तन और रंग-बिरंगे सिक्कों की मांग
सराफा बाजार में इस बार खूूब बिक्री हुई है। सराफा कारोबारियों के अनुसार कोरोना की वजह से दो वर्षों की तुलना में इस बार शादियां ज्यादा हुई थीं। ऐसे में अपने रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए लोगों ने दिल खोलकर खरीदारी की है। सराफा कारोबारी ऋषभ अग्रवाल ने बताया कि सोने के आभूषणों के बराबर ही हीरे की बिक्री हुई है। इसमें हीरे की अंगूठियों का चलन ज्यादा रहा है। चांदी की एंटीक ज्वैलरी और बर्तन, रंग-बिरंगे सिक्कों की बिक्री हुई है। आभूषणों में ज्यादातर डिजाइन जोधपुर, जयपुर, सूरत के हैं।
लाखों की बिकी झाड़ू
धनतेरस पर झाडू की खरीदारी को शुभ माना जाता है। लगभग हर घर में नई झाडू की खरीद होती है। इसलिए लोगों ने झाडू भी खूब खरीदी है। बर्तनों की खरीदारी के लिए बाजार आए लोग झाडू भी खरीदकर ले गए हैं। करीब 70 लाख रुपये से अधिक की झाडू बिकने का अनुमान लगाया जा रहा है।
युवाओं में थार का जबरदस्त क्रेज
अभिनंदन ऑटो जोन के जनरल मैनेजर सेल्स अभिषेक वर्मा ने बताया कि अब तक 70 कार बिक चुकी हैं और 24 अक्तूबर तक 30 कारों की और बिक्री होने की योजना है। 55 स्कॉर्पियो की बुकिंग थी, जबकि 40 थार की बुकिंग आई। थार की सभी बुकिंग युवाओं ने की हैं। उन्होंने कहा कि कुछ गाड़ियों में एक से डेढ़ वर्ष की वेटिंग आ रही है, जबकि थार के अलग-अलग मॉडल में एक माह से चार माह तक की वेटिंग है।
श्री बालाजी मोटर्स के सेल्स मैनेजर अंशुल ठाकुर ने बताया कि 20 बाइकों की बिक्री हुई है। रविवार को 24 बाइक और सोमवार को दस बाइक की बुकिंग अभी हमारे पास है। युवा दो लाख 20 हजार की रेंज की बाइक ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जबकि शादियों के लिए एक लाख 55 हजार की रेंज की बाइक बिकी हैं। आने वाले दिनों के लिए अच्छी उम्मीद है कि मुरादाबाद में स्पोर्ट्स बाइक का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है।
स्टील, पीतल के नक्काशी वाले बर्तनों की मांग
धनतेरस पर स्टील के अलावा पीतल के बर्तनों की अच्छी खरीदारी हुई। अमरोहा गेट, लाइनपार, सिविल लाइंस, गंज बाजार, गुरहट्टी में आधी रात तक दुकानें खुली रहीं। लोगों ने ब्रांडेड कंपनियों के हॉटकेस, बोतल, नॉनस्टिक बर्तनों पर भरोसा अधिक किया। बर्तन कारोबारी दीपक वर्मा का कहना है कि मुरादाबादी पीतल की नक्काशी वाले बर्तन और अन्य सामान गिफ्ट के लिए खरीदे गए।
खूब हुई मिठाई और ड्राईफ्रूट की बिक्री
दिवाली पर लोगों ने जमकर मिठाई और ड्राईफ्रूट की खरीदारी की। गिफ्ट में देने के लिए भी पैक मिठाई ओर ड्राईफ्रूट खरीदे गए। कुछ कंपनियों ने ऑफर भी निकाले हैं। शॉपिंग स्टोर्स में ऑफर के कारण अधिक भीड़ रही और इनकी बिक्री हुई। एक मिठाई शोरूम के जनरल मैनेजर संजय सिंह का कहना है कि मुरादाबाद में लगभग सौ करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।