मुरादाबाद। शहर के बुद्धि विहार पेज-2 सेक्टर 7 बी के पार्क में पिछले कई दिनों से चल रहे अवैध निर्माण के विरोध में कॉलोनी के लोगों ने आवास विकास परिषद के कार्यालय पर धरना दिया। कॉलोनी के लोगों ने पार्क में किए जा रहे अवैध निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने एवं जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कॉलोनी के कई लोग बृहस्पतिवार की सुबह आवास एवं विकास परिषद के कार्यालय पहुंचे। धरना स्थल पर ही आंदोलनकारियों ने सभा की। जिसमें विजयपाल सिंह ने कहा कि पिछले तीन सप्ताह से कॉलोनी के पार्क में कुछ लोग अतिक्रमण कर हरित पट्टी और रास्ते पर निर्माण करा रहे हैं, जिसकी शिकायत उन लोगों ने आवास विकास के जिम्मेदार अधिकारियों से लेकर शासन-प्रशासन तक से की है, लेकिन अवैध निर्माण को रोका नहीं जा सका है। इससे आरोपियों के हौंसले बुलंद हैं और वह जमघट लगाकर लोगों को धमका रहे हैं। इससे कॉलोनी के लोगों में भय है। वक्ताओं ने सरकारी भूूमि पर हो रहे इस अतिक्रमण को सुप्रीम कोर्ट और मुख्यमंत्री के अतिक्रमण विरोधी अभियान का खुला उल्लंघन भी बताया। बाद में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर पार्क में हो रहे अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर विजय पाल सिंह, वीपी सिंह, विनोद कुमार सिंह, प्रताप सिंह, नरायन सिंह, विजय सिंह, रघुवीर सिंह गोसाईं, रामअवतार विष्ट, सत्यपाल सिंह और रचित कुमार आदि मौजूद रहे।