बिलारी। धनतेरस का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। धनतेरस पर गहने और बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रहने की वजह से सर्राफा कारोबारियों और बर्तन दुकानदारों ने बुधवार शाम से ही तैयारी शुरू कर दी। नागरिकों में भी धनतेरस पर अलग-अलग तरह का सामान खरीदने को लेकर उत्साह का माहौल है। उधर तहसील बार एसोसिएशन ने धनतेरस पर बिलारी तहसील की सभी अदालतों में न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की आपात बैठक में बार पदाधिकारियों ने कहा कि धनतेरस पर्व होने की वजह से शुक्रवार को वादकारियों के न आने से मुकदमों की पैरवी प्रभावित होगी। बैठक में सहमति बनने पर निर्णय लिया गया कि धनतेरस के मौके पर शुक्रवार को बिलारी तहसील की सभी अदालतों में न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी के अध्यक्ष कमाल अकबर और संचालन बार एसोसिएशन के सचिव परमजीत सिंह ने किया।