मुरादाबाद। लाइनपार ढक्का में बना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और स्थान के लिहाज से जितना समृद्ध है, सुविधाओं को लेकर उतना ही कमजोर। 30 हजार की आबादी के लिए बनाया गया यह 10 बेड का अस्पताल विभाग की अनदेखी का शिकार है। यहां सिर्फ एक फार्मासिस्ट के हवाले सारी व्यवस्थाएं हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत तैनात किए गए डॉ. फैसल सप्ताह में सिर्फ तीन दिन बैठते हैं। अन्य दिनों में उन्हें कुंदनपुर के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का काम देखना पड़ता है। ऐसे में पर्याप्त जगह और संसाधन होने के बावजूद लोगों को ढक्का के सरकारी अस्पताल का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कुछ ही महीने पहले शुरू हुए अस्पताल में जांच मशीन बंद पड़ी है। स्टाफ न होने के कारण मरीजों के खून के सैंपल नहीं लिए जा रहे हैं। सिर्फ खांसी-बुखार की दवा के सहारे इस 10 बड़े के अस्पताल को चलाया जा रहा है। जबकि भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानकों के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुनियादी चिकित्सा, मातृत्व व शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पैथलैब, आवश्यक दवाएं, ओपीडी, स्वच्छ पानी, बिजली की सुविधा होनी अनिवार्य है। यह केंद्र प्रति 30,000 की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए बनाए जाते हैं। ढक्का के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मेसी कक्ष, नर्सिंग स्टाफ कक्ष, ओपीडी कक्ष, वार्ड आदि बने हैं लेकिन स्टाफ न होने से इनका कोई लाभ नहीं है। लोगों का कहना है कि खांसी, जुकाम, बुखार के अलावा कोई अन्य परेशानी हो तो उन्हें जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है। जरूरत के समय मरीजों को ड्रिप लगाने के लिए भी स्टाफ नहीं है।
विभाग का दावा, विशेषज्ञ डॉक्टरों को करेंगे तैनात
तमाम असुविधाओं के बीच विभाग का दावा है कि ढक्का के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सिर्फ एमबीबीएस ही नहीं बल्कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को तैनात करेंगे। साथ ही अन्य स्टाफ की नियुक्ति भी की जाएगी। जिससे आसपास के लोगों को उन सुविधाओं कां लाभ मिल सके, जिनके लिए यह स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया था। यहां फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ व नेत्र रोग विशेषज्ञ तैनात करने की तैयारी है। वहीं वर्तमान स्थिति यह है कि इस स्वास्थ्य केंद्र तक जाने के लिए पक्का रास्ता भी नहीं है। बारिश के बाद लोगों को यहां पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वर्जन
फरवरी में ढक्का समेत चार स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का जाएगी। विशेषकर ढक्का में अन्य सुविधाएं शुरू करने के लिए स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया जारी है।
- डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ